
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
नोएडा: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) की नोएडा यूनिट ने बीती रात थाना विजयनगर क्षेत्र में साइबर ठगी और नोट बदलने वाले एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। इस गैंग के पास से 100 से अधिक बैंक खातों की जानकारी बरामद की गई है, जिनके खिलाफ पहले से ही कई साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि बिहार के बंधन बैंक और एचडीएफसी बैंक के कुछ कर्मचारी भी इन म्यूल अकाउंट्स को कमीशन पर उपलब्ध कराने में शामिल थे।
यह गैंग बड़े नोटों के बदले ज्यादा राशि में छोटे नोट देने का लालच देकर लोगों को रद्दी कागज थमाकर ठगी कर रहा था। इस ठगी का शिकार पूरे भारत में लोग बन रहे थे। यूपी एसटीएफ ने छापेमारी के दौरान गैंग के पास से 25.6 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, जाली आधार कार्ड और अन्य फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।
ऑपरेशन में गैंग के सरगना शुभम राज सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह गैंग संगठित तरीके से साइबर ठगी और धोखाधड़ी का नेटवर्क चला रहा था। मामले की गहन जांच जारी है, और बैंकों के कर्मचारियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।




