
- रिपोर्ट: विक्रांत चौधरी
अलीगढ: उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं शुगर मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण गुरुवार को यमुना नदी की बाढ़ से प्रभावित अलीगढ़ के टप्पल ब्लॉक और आसपास के इलाकों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाढ़ से कई जिलों में आपदा की स्थिति बनी है, लेकिन योगी सरकार पूरी तरह सतर्क है और पीड़ितों के साथ खड़ी है।
मंत्री ने बताया कि मथुरा, कासगंज, बरेली, शाहजहांपुर और अलीगढ़ जनपद के प्रभावित गांवों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित किसानों और ग्रामीणों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जा रही है। जहां-जहां फसलों को नुकसान हुआ है, वहां सर्वे का काम चल रहा है और रिपोर्ट आने के बाद किसानों को तत्काल सरकारी सहायता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिनके मकान ढह गए हैं, गिर गए हैं या जिन परिवारों के पशुधन की मृत्यु हुई है, उनकी भरपाई सरकार करेगी। इसके लिए संबंधित विभागों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे ज्यादा प्रभावित महाराजगढ़ गांव को लेकर उन्होंने कहा कि यहां के लोगों को दूसरी जगह बसाने की योजना पर भी विचार हो रहा है। इसके लिए जमीन का सर्वे कराया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना या प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाया जाएगा।
नेपाल में हाल ही में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि भारत और नेपाल दो अलग-अलग देश हैं। भारत का संविधान बेहद शक्तिशाली है और कोई भी सच्चा भारतीय नागरिक नेपाल जैसे विचारों की कल्पना भी नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है। मंत्री के इस दौरे से प्रभावित इलाकों के लोगों को बड़ी राहत की उम्मीद जगी है।





