
- रिपोर्ट: हिमांशु तिवारी
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में गंगा का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान को पार गया है। लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों से छोड़े जा रहे पानी ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
शनिवार की शाम 4 बजे गंगा का जलस्तर 125.900 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 125.970 मीटर से सिर्फ 7 सेंटीमीटर नीचे था।लेकिन रविवार को दोपहर में 126.020 पहुंच गया हैं। इससे तटीय गांवों के लोगों में दहशत फैल गई है।

चौधरी चरण सिंह गंगा बैराज से शनिवार सुबह और दोपहर मिलाकर चार लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया था। इसका असर कन्नौज और आसपास के इलाकों में साफ़ दिखाई देने लगा है।बढ़ते जलस्तर से कासिमपुर और बख्शीपुरवा गांव समेत करीब 40 प्रभावित हैं। पंचायत घर और सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी भर गया है। हालात यह हैं कि स्कूल बंद हो गए और बच्चे हरदोई रोड पर बने एक मकान में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

गांवों में पानी भर जाने से लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। कई परिवार तिरपाल डालकर सड़कों पर रहने को मजबूर हैं।हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। प्रभावित गांवों में लगातार गश्त की जा रही है और पीड़ितों तक राशन व जरूरी सामान पहुँचाया जा रहा है। हालांकि बाढ़ का पानी अभी और बढ़ने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।



