
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: भारत विकास परिषद् हाथरस शाखा के बैनर तले आयोजित “भारत को जानो प्रतियोगिता” ने शहर के स्कूलों में ज्ञान और संस्कार की गूंज भर दी। तीन नामचीन विद्यालयों – सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल, द कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल और लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में संपन्न हुई इस परीक्षा में करीब 1400 छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कड़ी परीक्षा व्यवस्था, सीटिंग प्लान और मौखिक परीक्षण ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया। यही नहीं, बच्चों की भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर पकड़ देखने के लिए ऑडियो-वीज़ुअल प्रश्नों का भी सहारा लिया गया, जिसे देखकर प्रांतीय प्रभारी मनोज शर्मा ने परीक्षा आयोजन की जमकर सराहना की।

इस प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय प्रबंधकों से लेकर प्राचार्यों और परीक्षा इंचार्ज तक ने अहम भूमिका निभाई।
सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल से प्रबंधक दिनेश सेकसरिया, प्रधानाचार्य जीडी पाटिल और परीक्षा इंचार्ज राजेश प्रजापति, द कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल से डायरेक्टर रामेश्वर उपाध्याय, प्रधानाचार्य मुकेश कुमार शर्मा और परीक्षा इंचार्ज अमित राणा, लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल से डायरेक्टर डीके उपाध्याय, प्रधानाचार्य अरुण शर्मा और परीक्षा इंचार्ज ज्योति सिंह, भारत विकास परिषद से संयोजक संस्कार संगीता वार्ष्णेय, पर्यवेक्षक के तौर पर जिला समन्वयक मुकेश गोयल, प्रांतीय प्रभारी मनोज शर्मा, उपप्रभारी ऋषि कुमार वार्ष्णेय, शाखा अध्यक्ष जय शर्मा, शाखा संरक्षक आर एम वशिष्ठ, डॉ. नीरज शर्मा और आशीष रस्तोगी भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि यह परीक्षा सिर्फ शाखा तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में 25 लाख छात्र-छात्राओं की भागीदारी से यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाती है। शाखा स्तर पर विजयी होने वाले छात्र प्रांतीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय मंच पर अपने ज्ञान का लोहा मनवाते हैं।
हाथरस में इस प्रतियोगिता ने साबित कर दिया कि भारतीय संस्कृति की जड़ें बच्चों के दिलों में कितनी गहरी हैं और आने वाली पीढ़ी सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं बल्कि संस्कार और परंपरा के प्रति सजग है।




