
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी के रहीमाबाद कोतवाली क्षेत्र में पुलिस गश्त की पोल उस वक्त खुल गई जब एक दुकान के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी हो गई और पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरे में कैद हो गया।
हालांकि, हैरानी की बात यह है कि पीड़ित द्वारा 22 अगस्त को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक न कोई कार्रवाई हुई है और न ही FIR दर्ज की गई है।
पीड़ित का आरोप है कि उसने CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की शिनाख्त कर पुलिस को जानकारी भी दे दी, मगर फिर भी जिम्मेदार अफसर जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, रहीमाबाद पुलिस अब चोरी जैसी स्पष्ट घटना में भी मुकदमा दर्ज करने से कतरा रही है। जिससे यह संदेह पैदा हो रहा है कि कहीं न कहीं पुलिस और अपराधियों के बीच सांठगांठ हो सकती है।
स्थानीय लोगों में इस मामले को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि जब बैटरी चोरी जैसी घटनाओं को भी पुलिस चोरी नहीं मानती, तो आम लोगों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब जागेगा और पीड़ित को इंसाफ मिलेगा या नहीं।





