
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ में आज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले करीब 20 से 25 हजार महिला और पुरुष किसानों ने डीसीपी दक्षिणी कार्यालय का घेराव कर दिया। कार्यालय के आसपास करीब एक किलोमीटर तक सिर्फ किसानों की भीड़ नजर आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह विरोध प्रदर्शन बिजनौर थाना प्रभारी पर लगे रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप के चलते हुआ। किसान नेताओं का आरोप है कि मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह से थाना प्रभारी ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत न देने पर उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
इस मामले की लिखित शिकायत डीसीपी दक्षिणी से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज किसानों ने आज डीसीपी कार्यालय को घेर लिया।
किसान नेता कृष्ण कुमार सिंह ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे बड़े अधिकारियों के दफ्तरों का घेराव करेंगे। किसानों की मांग है कि आरोपी थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, और प्रशासन किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रहा है।





