
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर जमीन अधिग्रहण का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। रहीमाबाद और भक्ति खेड़ा गांव के किसान परियोजना के लिए जमीन देने को तैयार नहीं हैं। वे पिछले एक साल से भारतीय किसान मजदूर यूनियन के बैनर तले धरने पर बैठे हैं।
किसानों का साफ कहना है कि जब तक उन्हें उचित और संतोषजनक मुआवजा नहीं दिया जाएगा, वे अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। सरकारी कोशिशों और कार्रवाई के बावजूद किसान पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
प्रशासन ने अब किसानों से बातचीत के लिए समय मांगा है और जल्द ही दोनों पक्षों के बीच बैठक तय किए जाने की संभावना है। फिलहाल आंदोलन रहीमाबाद और भक्ति खेड़ा गांव तक ही सीमित है, लेकिन किसानों की चेतावनी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो यह आंदोलन और व्यापक हो सकता है।
एयरपोर्ट विस्तार योजना के लिए ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर लगातार विवाद बना हुआ है और यह अब प्रशासन के लिए भी एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।





