
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: स्मार्ट सिटी का दर्जा हासिल करने वाली राजधानी लखनऊ में नगर निगम जोन-1 अंतर्गत लाटूश रोड स्थित भानमती चौराहा, रत्ती खस्ता के पास की स्थिति स्वच्छता और सुंदरता के दावों की पोल खोल रही है। यहां सड़क पर लगातार नाली का गंदा पानी बह रहा है, जिससे स्थानीय दुकानदार और राहगीर काफी परेशान हैं।
यह समस्या कोई नई नहीं है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले सुवेज नामक कंपनी द्वारा इस क्षेत्र में नई पाइपलाइन डाली गई थी, लेकिन कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि कुछ ही समय में पाइपलाइन धंस गई और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वही सुवेज कंपनी है, जिसे पहले से ही ब्लैकलिस्टेड बताया जाता रहा है। इसके बावजूद इसे लगातार नगर निगम के ठेके मिलते रहते हैं। राजधानी के कई इलाकों में इस कंपनी द्वारा किए गए कार्यों की स्थिति यही है — अधूरी, घटिया और परेशान करने वाली।
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी और संबंधित अधिकारियों के बीच सांठगांठ के चलते कार्रवाई की कोई गुंजाइश नहीं बनती। नतीजतन, ऐसी लापरवाही भरी व्यवस्थाएं जनता को भुगतनी पड़ रही हैं।
जब तक नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जिम्मेदारी निभा रहे अधिकारी जवाबदेह नहीं होंगे और ब्लैकलिस्टेड कंपनियों पर रोक नहीं लगेगी, तब तक लखनऊ की “स्मार्टनेस” केवल कागजों तक सीमित रह जाएगी।





