
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ, जानकीपुरम: राजधानी में सोशल मीडिया पर दबंगों द्वारा खुलेआम असलहों के साथ फोटो और वीडियो डालने का सिलसिला थम नहीं रहा है। जानकीपुरम थाना क्षेत्र से सामने आए ताज़ा मामले में शारीक सिद्दीकी, अरमान सिद्दीकी और सैफ सिद्दीकी नाम के युवकों की हथियारों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
पुलिस को खुलेआम चुनौती
इन युवकों पर आरोप है कि ये सोशल मीडिया पर भौकाल जमाने के लिए खुलेआम असलहों का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठते हैं, बल्कि ये पुलिस को सीधी चुनौती भी मानी जा रही है।
अपराध की विरासत?
तीनों आरोपी मूल रूप से मड़ियांव गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, इनके पिता पर भी गंभीर आपराधिक आरोप हैं और अब बेटे भी अपराध की उसी राह पर चलते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन युवकों की हरकतों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सवाल उठता है कि क्या सोशल मीडिया पर हथियार लहराना कानून से ऊपर है?





