
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: जनेश्वर मिश्र पार्क में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ पहुंचे। यहां उन्होंने विशाल तिरंगे के नीचे राष्ट्रगान गाकर आज़ादी को नमन किया।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब हम 15 अगस्त को आज़ादी का पर्व मना रहे हैं, तब हमें यह भी याद रखना चाहिए कि देश के सामने कई वैश्विक चुनौतियां हैं, जिन्हें हमें स्वीकार करना होगा।
उन्होंने किसानों को देश की आर्थिक रीढ़ बताते हुए कहा, “जितना हमारा किसान मजबूत होगा, उतना ही हमारा देश आर्थिक रूप से ताकतवर होगा।”
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “मैं अपील करता हूं कि 15 अगस्त जैसे पावन दिन पर भाजपा के लोग झूठ न बोलें। हमारी सीमाएं और फौज मजबूत होनी चाहिए। अग्निवीर जैसी अस्थायी योजना को खत्म किया जाना चाहिए।”
सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि सुप्रीम कोर्ट ने लोकतंत्र को बचाने का काम किया। इससे राजनीतिक पार्टियां बूथ स्तर पर अपने वोट को सुरक्षित रख पाएंगी। भाजपा को सिर्फ वोट काटने की राजनीति आती है।”
उन्होंने कुछ संगठनों पर भी हमला बोला और कहा कि “अंग्रेजों ने कुछ ऐसे संगठन खड़े किए थे, जिनका मकसद भारत को धर्म के आधार पर बांटना और हिंदू-मुसलमान के बीच खाई पैदा करना था। ऐसे संगठनों के लोगों को अब अपनी पहली विचारधारा यानी समाजवाद और सेक्युलरिज़्म की ओर लौटना चाहिए, ताकि देश सही दिशा में बढ़ सके।”
अखिलेश ने अंत में कहा कि “समाजवादी विचारधारा युद्ध के खिलाफ है, लेकिन देश की फौज को कमजोर नहीं किया जा सकता। अग्निवीर योजना को खत्म करके ही हम किसी भी चुनौती का मुकाबला कर सकेंगे।”





