
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: जनपद हाथरस की पुलिस ने बुधवार को एसओजी टीम के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कार चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया। आवास विकास कॉलोनी से चोरी हुई वैगनार कार के साथ-साथ दो शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी देवराज उर्फ देवेंद्र के बांये पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी लकी शाक्य को कॉम्बिंग के दौरान धर दबोचा गया।
पुलिस ने मौके से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चोरी की वैगनार और वारदात में इस्तेमाल रिट्ज कार बरामद की।
कैसे पकड़े गए बदमाश
एसपी हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर लूट-चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चल रहे चेकिंग अभियान में पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि दो बदमाश पापरी रोड तिराहे की ओर बड़ी वारदात करने जा रहे हैं। थाना कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी ने तुरंत घेराबंदी की। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें दिखीं, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में देवराज घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी लकी अंधेरे में भाग निकला, जिसे बाद में कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।

शातिर अपराधी, दर्जनों मुकदमे
देवराज: — जयपुर और भरतपुर समेत विभिन्न जनपदों में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज, एक महीने पहले ही 6 साल बाद जेल से बाहर आया।
लकी शाक्य: — जनपद बुलंदशहर के थाना नरौरा में हत्या (302 IPC) और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज।
चोरी की वारदात का खुलासा
5 अगस्त की रात करीब 2 बजे आवास विकास कॉलोनी निवासी धनंजय वर्मा की वैगनार कार घर के बाहर से चोरी हो गई थी। मामले में कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों आरोपी इसी चोरी के मास्टरमाइंड निकले।





