
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: उत्तर प्रदेश एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वॉड) ने देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजमल अली और डॉ. उसामा माज शेख के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स के संपर्क में थे और भारत में शरिया कानून लागू करने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- अजमल अली, उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला है। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और “Reviving Islam” नामक व्हाट्सएप ग्रुप का सदस्य था, जिसमें करीब 400 पाकिस्तानी सदस्य शामिल थे। अजमल भारत विरोधी विचारधारा को फैलाने और कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने के लिए पाकिस्तानी लोगों से संपर्क में था।
- डॉ. उसामा माज शेख, महाराष्ट्र के थाणे जिले का निवासी है और अजमल अली का मेंटॉर था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम और सिग्नल ऐप के माध्यम से संवाद होता था, जिसमें भारत विरोधी बातें और शरिया कानून लागू करने जैसे विषयों पर चर्चा होती थी।

एटीएस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये दोनों देश में कट्टरपंथ फैलाने और युवाओं को बरगलाने की कोशिश कर रहे थे।
एटीएस की इस कार्रवाई को आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम करने के रूप में देखा जा रहा है, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा को एक बड़ा राहत मिली है।





