
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
मथुरा: वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में जारी किए गए एक वीडियो संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने पूर्व वक्तव्य पर अडिग हैं और किसी विरोध से प्रभावित नहीं होंगे।
संत प्रेमानंद महाराज ने कहा, “गंदी नाली के कीड़े गंदगी में ही खुश रहते हैं। जब शास्त्रों से दूरी होगी, तो साधु-संत उपदेश नहीं देंगे तो फिर कौन बताएगा कि क्या सही है और क्या गलत?”
उन्होंने कहा कि जो लोग गलत आचरण कर रहे हैं, वही उनके उपदेशों से आहत हो रहे हैं। संत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बनाना बंद करो, अपने आचरण में सुधार लाओ और सन्मार्ग की ओर बढ़ो।”
कुछ दिन पहले संत प्रेमानंद महाराज ने युवाओं के चरित्र और सामाजिक व्यवहार को लेकर एक बयान दिया था, जिस पर कुछ वर्गों ने आपत्ति जताई थी। हालांकि, संत ने अब साफ कर दिया है कि वो समाज के नैतिक पतन के खिलाफ अपनी बात कहने से पीछे नहीं हटेंगे।
उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां कुछ लोग उनके समर्थन में हैं तो कुछ उनके विरोध में आवाज उठा रहे हैं। लेकिन प्रेमानंद महाराज का कहना है कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए वे अपनी बात खुलकर कहते रहेंगे।





