
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बिजनौर: अफजलगढ़ नगर में गुलदार का आतंक एक बार फिर जानलेवा बन गया। शनिवार को मोहल्ला मंझौली में स्थित बरकत बैंक्वेट हॉल के पास अपने पशुओं के लिए चारा लेने गई एक महिला पर गुलदार ने घात लगाकर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान अलका देवी (35 वर्ष) पत्नी सुंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव हरेवली की रहने वाली थीं और पिछले 10 वर्षों से अपने मायके मोहल्ला मंझौली में रह रही थीं।वह घर से चारा लेने निकली थीं, तभी बरकत बैंक्वेट हॉल के पीछे स्थित खेतों में पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया।
गौरतलब है कि अफजलगढ़ नगर में पिछले दो दिनों से गुलदार की सक्रियता देखी जा रही थी। इससे पहले गुलदार द्वारा मोहल्ला किला में एक कुत्ते को उठा ले जाने की घटना भी सामने आई थी, लेकिन बावजूद इसके वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, न ही पिंजरा लगाया गया और न ही गश्त बढ़ाई गई।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ अफजलगढ़ राजेश सिंह सोलंकी व थानाध्यक्ष सुमित राठी मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रोष जताया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया होता, तो आज एक मासूम महिला की जान बच सकती थी।





