
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की अहम बैठक में जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने यातायात नियमों के अनुपालन और सावन कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुचारू व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए निर्देशित किया कि सभी स्कूल प्रबंधक अपने वाहन चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और वाहनों की फिटनेस जांच हर हाल में सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा, “किसी भी वाहन में निर्धारित संख्या से अधिक बच्चों को बैठाना सख्त वर्जित है। यदि कोई वाहन मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।”
साथ ही, संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे विद्यालयी वाहनों की नियमित जांच करें और स्कूलों को सुरक्षा के लिए जागरूक करें। बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने का संदेश अधिकारियों को स्पष्ट रूप से दिया गया।
कांवड़ यात्रा को लेकर भी विशेष तैयारियां
डीएम राहुल पांडेय ने कहा कि सावन के अंतिम सप्ताह में कांवड़ियों की भारी आवाजाही रहेगी, ऐसे में यातायात व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी जाए। संबंधित अधिकारी कांवड़ मार्गों का दोबारा निरीक्षण करें और जहां ज़रूरत हो वहां सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, सैंडबैग की व्यवस्था तत्काल कराएं। श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दुर्घटनाओं पर लगाम के निर्देश, हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य
बैठक में जिला प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को इन दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार कार्य जल्द पूरा करने के आदेश मिले।

इसके अलावा, दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट, चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन न चलाने को लेकर सघन जागरूकता एवं दंडात्मक अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना, तेज गति, और अनुशासनहीन ड्राइविंग पर तत्काल अंकुश लगाया जाए। इसके लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

आपात स्थिति में ये नंबर याद रखें:
- एनएचएआई हेल्पलाइन: 1033
- एम्बुलेंस सेवा: 108
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, यातायात निरीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





