
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या/बीकापुर।
जमीन को लेकर एक बार फिर परिवार के भीतर ही गंभीर विवाद सामने आया है। अयोध्या जनपद के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के थाना रौनाही अंतर्गत मुबारकगंज ग्राम सभा में रहने वाले रामफल और उनके परिवार ने अपने चचेरे भाई बजरंगी पर धोखाधड़ी से जमीन हड़पने का आरोप लगाया है।
रामफल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनके पिताजी पांच भाई थे, जिनमें से एक भाई निःसंतान थे। सभी भाइयों ने मिलकर उनकी सेवा की। लेकिन अब उनके चचेरे भाई बजरंगी पर आरोप है कि वह धोखे से सभी का आधार कार्ड और अन्य जरूरी कागजात लेकर साइन करवा कर पूरी जमीन को अपने नाम वरासत कराना चाहते थे।
रामफल का कहना है कि जब उन्हें इस साजिश की भनक लगी तो उन्होंने तुरंत तहसीलदार कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई और स्थानीय पुलिस से भी शिकायत की। लेकिन, उनका आरोप है कि पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है और उल्टा उनका चचेरा भाई उन्हें धमका रहा है।
रामफल और उनके परिजनों का कहना है कि बजरंगी दबंग प्रवृत्ति का है और उन सबको डरा-धमका रहा है। उनका आरोप है कि पुलिस भी बजरंगी के दबाव में है और उचित कार्रवाई नहीं कर रही।
पीड़ित परिवार ने कहा कि “जब सभी भाइयों ने बराबर सेवा की है, तो जमीन पर भी सबका बराबर हक है।” उनका यह भी कहना है कि अगर प्रशासन और पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
रामफल ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उन्हें उनका वाजिब हक दिलाया जाए।
पीड़ित परिवार की अपील:
“हम उम्मीद करते हैं कि बड़े अधिकारी हमारी आवाज जरूर सुनेंगे। हमें न्याय मिलेगा। अगर हमारी कहीं नहीं सुनी गई, तो हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे।”
रामफल के इस बयान से क्षेत्र में मामला गरमाया हुआ है और स्थानीय प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।





