
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: राजेन्द्र लोहिया विद्या मन्दिर, हाथरस में सोमवार को संस्थापक दिवस अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके त्याग, दूरदर्शिता और सेवा भावना को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती वंदना से हुई, जिससे वातावरण आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत हो गया। इसके पश्चात प्री-प्राइमरी वर्ग के नन्हें-मुन्नों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं प्राथमिक कक्षा के छात्रों ने एक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया। जूनियर कक्षा के विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली नृत्य-नाटिका के माध्यम से जीवन में मेहनत, लगन और सत्य मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कपिल लोहिया ने छात्रों को संस्थापक दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने नैतिक मूल्यों को बनाए रखते हुए जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यालय की कोषाध्यक्षा मधु लोहिया एवं प्रधानाचार्य कपिल भाटिया ने संस्थापक महोदय के जीवन दर्शन, उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान तथा उनके आदर्शों की प्रेरणा को साझा किया।
प्रधानाचार्य ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा –
“छोटे-छोटे सपनों को छोटा मत समझो, यही सपने एक दिन हकीकत बनते हैं,
जो आज मेहनत से नहीं डरते, वही कल इतिहास बदलते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में संस्थापक की पुण्य स्मृति में सभी ने मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संस्थापक दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों को न केवल विद्यालय की गौरवशाली परंपरा से परिचित कराया, बल्कि उन्हें जीवन में श्रेष्ठता, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक भी किया।





