
वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
शाहजहांपुर। हिंदू नेता साध्वी प्राची शनिवार को शाहजहांपुर पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर अपने गनर पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली बेहद लापरवाह और उदासीन है। एसपी ने उन्हें निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
साध्वी प्राची ने कहा कि अधिकारी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में कोई कमी नहीं है, पार्टी पूरी तरह निष्पक्ष रूप से कार्य कर रही है, लेकिन कुछ अधिकारी मनमानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही निर्देश दे रखे हैं कि किसी भी घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को बख्शा न जाए। अपराधियों को उनकी ही भाषा में जवाब मिलना चाहिए।
सावन के महीने को लेकर भी साध्वी प्राची ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सावन पवित्र मास है और सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश है कि इस दौरान मीट की दुकानें बंद रहनी चाहिए। कुछ दुकानदार नाम बदलकर या “शाकाहारी” का बोल्ड बोर्ड लगाकर मीट की दुकानें चला रहे हैं, जो आस्था से छलावा है। कांवड़िए जब ऐसे बोर्ड देखकर वहां भोजन के लिए रुकते हैं, तो यह उनके विश्वास के साथ धोखा होता है।
साध्वी ने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि ऐसी दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सरकार के आदेशों का पूरी तरह पालन हो। उन्होंने कहा कि किसी की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





