
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
काकोरी: सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र के ग्राम बरकताबाद में खसरा संख्या 2स व 3स के मिंजुमला नंबर पर दबंग भू-माफिया व प्रॉपर्टी डीलर बिना किसी पैमाइश के रेडीमेड बाउंड्री वॉल खड़ी कर अवैध कब्जा कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जिन लोगों द्वारा यह अवैध निर्माण कराया जा रहा है, उनमें सरकार की बेशकीमती जमीन भी शामिल है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह दबंग प्रॉपर्टी डीलर राजस्व विभाग के नियमों को दरकिनार कर, खुलेआम जमीन पर कब्जा कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जिन किसानों से जमीन ली गई है, उन्हें कभी भी उसका वास्तविक कब्जा नहीं मिला। अब इनकी जमीनों पर रजिस्ट्री करवाकर, बिना पैमाइश के जबरन कब्जा किया जा रहा है।
सूत्रों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस अवैध कब्जे को रोका नहीं, तो कभी भी बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी दबंग प्रॉपर्टी डीलरों पर ही होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व के नियम केवल गरीबों पर ही सख्ती से लागू होते हैं, जबकि प्रभावशाली लोग खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
अब देखना यह है कि क्या संबंधित अधिकारी इस संगठित कब्जे को रोकने के लिए कदम उठाते हैं और नियमानुसार पैमाइश कराकर सही कार्यवाही करते हैं, या फिर ये दबंग इसी तरह नियमों को ताक पर रखकर कब्जा करते रहेंगे।





