
- रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस। जिले के हसायन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एसपी हाथरस के महज तीन दिन की छुट्टी पर जाते ही सट्टा माफिया एक बार फिर सक्रिय हो गया है और पूरे क्षेत्र में सट्टे का अवैध कारोबार तेज़ी से फलने-फूलने लगा है।
बताया जा रहा है कि यह गोरखधंधा अब छिपा नहीं रहा, बल्कि इसके व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट्स खुलेआम वायरल हो रहे हैं। इन स्क्रीनशॉट्स में सट्टे के नंबर, रेट और टाइमिंग्स साफ-साफ लिखे हुए दिखाई दे रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हसायन क्षेत्र के फतेहपुर बझेड़ा गांव का एक युवक सनी पुत्र चंद्रप्रकाश इस सट्टेबाजी में सामने आया है। वायरल फोटो में सनी की तस्वीर भी देखी जा सकती है। वहीं इस पूरे नेटवर्क को बैकग्राउंड से संजय नामक व्यक्ति संचालित कर रहा है, जो क्षेत्र में सट्टा रैकेट का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही एसपी अवकाश पर गए, हसायन में सट्टा माफिया ने पूरे क्षेत्र में दोबारा अपने पांव पसार लिए। गांव-गांव में सट्टे की पर्चियां बांटी जा रही हैं और मोबाइल के ज़रिए सट्टे के नंबर भेजे जा रहे हैं।
लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की ढील और स्थानीय प्रशासन की अनदेखी की वजह से इस गोरखधंधे को फिर से खुला मैदान मिल गया है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई न की गई, तो यह सट्टा रैकेट क्षेत्र के युवाओं को अपराध के गर्त में धकेल सकता है।





