
रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस (सिकंद्राराऊ)। जिले के सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के नारई गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामे की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के दबंग लोग जबरन उनके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष ने महिलाओं से बदसलूकी के आरोप भी लगाए हैं।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग करने की धारा में कार्रवाई की है।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और गाली-गलौज साफ तौर पर देखी जा सकती है। वायरल हो रहे इस वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




