
- रिपोर्ट – अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: 07 जुलाई को 137 कॉम्पोज़िट इकोलॉजिकल टास्क फोर्स बटालियन (टेरीटोरियल आर्मी) 39 गोरखा राइफल्स की गौमती टास्क फोर्स द्वारा लखनऊ पब्लिक वर्ल्ड स्कूल, गार्डन सिटी डीएलएफ में वन महोत्सव सप्ताह (01–07 जुलाई 2025) के अंतर्गत पौधारोपण एवं पर्यावरण जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में माननीय सांसद डॉ. एस.पी. सिंह, सूबेदार महेश कुमार, नायक सूबेदार कस्तूरी लाल, विद्यालय की प्रधानाचार्य नवनीत कौर, समाजसेवी आर. डी. मौर्या, बटालियन के अन्य पदाधिकारी, जवान, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्य उद्देश्य था:
छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना
हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना
जलवायु परिवर्तन से निपटने हेतु चेतना विकसित करना
कार्यक्रम में टास्क फोर्स अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए जैव विविधता, स्वच्छ पर्यावरण, और वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला।
सांसद डॉ. एस.पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा,
“पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। हमें पौधारोपण कर न केवल अपने विद्यालय और घरों को हरित बनाना है, बल्कि समाज को स्वच्छ और सुंदर बनाने में भी योगदान देना है। छोटे प्रयास ही बड़े परिवर्तन लाते हैं।”
छात्रों ने अपने लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रशासन ने गौमती टास्क फोर्स के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्रों में प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत गौमती नदी के पुनर्जीवन हेतु चलाए जा रहे जनसहभागिता आधारित अभियानों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।





