
- रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस। हाथरस जिले के हसायन क्षेत्र के नगला वीर सहाय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। इलाज के लिए बनाए गए ड्यूटी रूम में डॉक्टर की बजाय आवारा कुत्ते बेखौफ सोते दिखाई दिए। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो रविवार शाम से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो शनिवार को शूट किया गया था, जिसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर डॉक्टर का ड्यूटी रूम पूरी तरह से कुत्तों का अड्डा बना हुआ दिख रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि डॉक्टर अक्सर घंटों देरी से आते हैं और जब तक वह नहीं पहुंचते, तब तक उनके कमरे पर आवारा जानवर कब्जा जमा लेते हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि अस्पताल में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, और अस्पताल की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। ड्यूटी रूम अब ‘डॉग हाउस’ बन चुका है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मौन
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस लापरवाही पर कोई ठोस कार्रवाई होगी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय की जाएगी? या फिर सरकारी अस्पतालों में अब इंसानों से पहले जानवरों की सुविधा का ख्याल रखा जाएगा?
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। जनता जवाब चाहती है।
पूरा मामला जांच की मांग कर रहा है, लेकिन क्या सिस्टम जागेगा?





