
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: बहुचर्चित 24.92 करोड़ रुपये के प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति घोटाले में एक और बड़ी गिरफ्तारी हुई है। कानपुर से आई आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की टीम ने बाबा जाहरवीर मदरसा और शिव चरण इंटर कॉलेज के संचालक पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की उम्र 45 वर्ष बताई जा रही है।
ईओडब्ल्यू की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन कुमार ने वर्ष 2011 से 2013 के बीच सरकारी छात्रवृत्ति योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया। इस दौरान करोड़ों रुपये की रकम फर्जी दस्तावेजों और नामों के जरिए निकाली गई।
जांच में खुलासा हुआ है कि तत्कालीन अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बीपी सिंह समेत कुल 65 स्कूलों व मदरसों के 78 लोगों ने मिलकर इस घोटाले को अंजाम दिया। आरोपी पवन कुमार को कानपुर से आए निरीक्षक कमलेश कुमार पाल, विजय मिश्रा और एसआई शिवा कटियार की टीम ने हिरासत में लिया।
अधिकारियों के अनुसार, पवन कुमार पर धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। जिलाधिकारी और प्रमुख सचिव के निर्देश पर यह मुकदमा पहले ही कायम किया जा चुका था।
गिरफ्तारी के बाद से कई अन्य आरोपी कॉलेज प्रबंधक फरार हो गए हैं। पुलिस की आगे की कार्रवाई में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।





