
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में अनफिट स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई स्कूल वाहन फिटनेस मानकों पर खरा नहीं उतरता, तो वाहन मालिक और संबंधित स्कूल—दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। आरटीओ विभाग द्वारा स्कूल वाहनों की कड़ाई से जांच और निगरानी की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जिन वाहनों में तकनीकी खामी, फिटनेस की कमी या सुरक्षा उपकरणों की अनुपलब्धता पाई गई, उनके खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधनों को पहले ही निर्देश दे दिए हैं कि वे अपने वाहनों की समय से फिटनेस जांच कराएं और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।
बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों और वाहन चालकों के खिलाफ फाइन, परमिट रद्दीकरण और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।





