
- रिपोर्ट अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: आगामी आठवीं मोहर्रम के जुलूस को लेकर डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने मंगलवार को एक अहम बैठक की। बैठक में एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारियों के साथ-साथ धर्मगुरुओं और व्यापारियों को भी आमंत्रित किया गया था।
बैठक में खासतौर पर जुलूस के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या पर चर्चा हुई। डीसीपी श्रीवास्तव ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस के दिन यातायात व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीसीपी ने बताया कि मोहर्रम का जुलूस एक धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए धर्मगुरुओं और मौलानाओं के साथ विशेष चर्चा की गई, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रूट प्लान तैयार कर समय से लागू करना होगा, साथ ही व्यापारियों से सहयोग लेकर मार्गों को खाली रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
डीसीपी ने कहा कि वेस्ट जोन की पुलिस पूरी तरह सतर्क है और जुलूस के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





