
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: रुदौली तहसील अंतर्गत पिपरा गांव में कोटेदार की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में कोटेदार राशन वितरण के दौरान पत्रों (कार्डधारकों) के साथ खुली घटतौली करता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि कोटेदार लंबे समय से इसी तरह का व्यवहार करता आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कोटेदार किसी के सवाल पूछने पर गाली-गलौज पर उतर आता है और झगड़े के लिए तैयार हो जाता है।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कोटेदार अक्सर SC/ST कानून का दुरुपयोग करने की धमकी देता है और कहता है, “जो कुछ बोलेगा, उस पर एससी/एसटी का केस लगाकर बर्बाद कर दूंगा।”
कोटेदार खुद को प्रभावशाली बताते हुए अधिकारियों को भी चुनौती देता है। ग्रामीणों के मुताबिक, वह खुलेआम कहता है कि “मैं अधिकारियों को पैसे देता हूं और उंगलियों पर नचाता हूं। राशन काटकर बेचता हूं और उसी पैसे से सब मैनेज करता हूं। नेताओं में मेरी गहरी पकड़ है।”
इस पूरे मामले की शिकायत ग्रामीणों ने 1076 जनसुनवाई और मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई है।
जिलापूर्ति अधिकारी अयोध्या ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कहा है कि “वायरल वीडियो की जांच करवाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”





