
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट, ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र के अशरफाबाद में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। मृतकों में कपड़ा व्यापारी शोभित रस्तोगी, उनकी पत्नी सुचिता रस्तोगी और नाबालिग बेटी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, परिवार के तीनों सदस्यों ने अपने घर में आत्मघाती कदम उठाया। मौके पर पहुंची पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी और भारी कर्ज को आत्महत्या का कारण बताया गया है।
सुसाइड नोट में लिखा— “हम अब और नहीं सह सकते…”
सुसाइड नोट में व्यापारी शोभित रस्तोगी ने लिखा है कि व्यापार में घाटा, कर्ज के दबाव और आर्थिक हालात ने उन्हें यह भयावह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। परिवार पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
पड़ोसियों में मचा शोक, प्रशासन सकते में
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। पड़ोसी और जानने वाले इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने प्रशासनिक तंत्र और वित्तीय सहायता प्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि यदि समय रहते आर्थिक मदद मिलती, तो शायद यह त्रासदी टाली जा सकती थी।





