-बिना टिकट यात्रा पर कार्रवाई, रेल नियमों का पालन करने की अपील
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान और सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में अभियान बनारस स्टेशन को आधार बनाकर चलाया गया।
जांच के दौरान मेमू ट्रेनों सहित विभिन्न सवारी गाड़ियों में किलाबंदी कर निरीक्षण किया गया। टीम में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पी. एन. मिश्रा, मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी, टिकट निरीक्षक माहरूफ खान, उमेश यादव और अमित सहित 21 कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।
अभियान में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 95 यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे 32,250 रुपये जुर्माना वसूला गया। 25 यात्रियों को जुर्माना न देने पर रेलवे मजिस्ट्रेट प्रशांत मिश्रा के समक्ष पेश किया गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले वैध टिकट अवश्य लें और नियमों का पालन करें।




