
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी (समाचार टूडे)। हाजीपुर स्थित वैशाली रेल प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 94 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’’ से सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों एवं मंडलों के बीच 56 दक्षता और सर्वांगीण दक्षता शील्ड भी वितरित की गईं। समग्र प्रदर्शन में उत्कृष्ट कार्य के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल को महाप्रबंधक ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड प्रदान की गई, जबकि धनबाद मंडल को एफिशिएंसी रनर्स-अप कप से नवाजा गया। स्वच्छता एवं जनशिकायत निवारण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मंडलों को भी विशेष शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बताया कि पूर्व मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष में 31 हजार करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर देश में सर्वाधिक राजस्व प्राप्त करने वाला जोन बनने का गौरव हासिल किया है। साथ ही 200 मिलियन टन माल लदान कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया और 4.5 किलोमीटर लंबी ‘रुद्रास्त्र’ मालगाड़ी का सफल संचालन भी किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 12 जोड़ी वंदे भारत, 17 जोड़ी अमृत भारत और 1 जोड़ी नमो भारत रैपिड रेल का परिचालन किया जा रहा है। कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में भी नियुक्तियां, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति तथा शिक्षा के लिए छात्रवृत्तियों का वितरण किया गया है।
इस अवसर पर दानापुर, डीडीयू, धनबाद, समस्तीपुर और सोनपुर मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक, मुख्यालय के अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, यूनियन प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। यह आयोजन कर्मचारियों के समर्पण और टीम वर्क की सराहना करते हुए पूर्व मध्य रेल की उत्कृष्ट उपलब्धियों को दर्शाता है।






