
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। शिवपुर थानाक्षेत्र के लक्ष्मणपुर इलाके में गुरुवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 45 वर्षीय अनुपमा पटेल की सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई। महिला का शव घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला, जबकि हत्यारे ने बाहर से कुंडी बंद कर दी थी। दोपहर तक घर में कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। भीतर घुसते ही खून से सना शव देखकर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। तुरंत शिवपुर पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर थानाध्यक्ष शिवपुर, एसीपी कैंट नितिन तनेजा, और एसओजी टीम पहुंची।
फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। घर के अंदर और बाहर पुलिस ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए। घटना के समय अनुपमा घर पर अकेली थीं। परिजन बाहर गए थे। पड़ोसियों के अनुसार, बुधवार शाम तक उन्हें सामान्य रूप से देखा गया था। सुबह कमरे में उनका शव पाया गया—चेहरे और सिर पर पत्थर से वार किए जाने के स्पष्ट निशान मिले।
फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस कई एंगल से तफ्तीश कर रही है।घटना के बाद इलाके में तनाव है और भारी भीड़ जुटी हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।


