
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी पर्व के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा निकाली जा रही विशेष शहीदी यात्रा 2 सितंबर को कानपुर के रास्ते लखनऊ पहुंचेगी। यह यात्रा असम से शुरू होकर विभिन्न प्रदेशों से होती हुई लखनऊ आ रही है।
गुरुद्वारा सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने जानकारी दी कि शहीदी यात्रा शाम करीब 5:00 बजे सरोजिनी नगर पहुंचेगी। वहां से यह यात्रा ट्रांसपोर्ट नगर, कृष्णा नगर, गुरुद्वारा मानसरोवर, गुरुद्वारा आशियाना, गुरुद्वारा भाई लालो जी, शिव शांति आश्रम गुरुद्वारा सिंगर नगर, गुरुद्वारा आलमबाग, गुरुद्वारा पटेल नगर, गुरुद्वारा सदर होते हुए देर रात गुरुद्वारा नाका और अंत में गुरुद्वारा यहियागंज पहुंचेगी।
इस ऐतिहासिक यात्रा में श्री गुरु गोविंद सिंह जी के शस्त्र और अन्य दुर्लभ ऐतिहासिक निशानियां भी शामिल हैं। यात्रा 2 और 3 सितंबर की रात गुरुद्वारा यहियागंज में विश्राम करेगी तथा 4 सितंबर को सुबह 10 बजे सीतापुर के लिए प्रस्थान करेगी।
इस अवसर पर गुरुद्वारा यहियागंज और 3 सितंबर को गुरुद्वारा आलमबाग में विशेष धार्मिक समागमों का आयोजन किया जाएगा।
लखनऊ पहुंचने पर शहीदी यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। डॉ. गुरमीत सिंह, उनके सहयोगी और लखनऊ के सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के मुख्य सेवादार इस ऐतिहासिक यात्रा का स्वागत करेंगे।





