
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: हाजीपुर पूर्व मध्य रेल ने रेल परिचालन में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मिशन रफ्तार के तहत पं. दीनदयाल उपाध्याय जं. से धनबाद जं. तक स्पेशल ट्रेन द्वारा 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक ट्रायल में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह के नेतृत्व में तकनीकी टीम ने पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
स्पीड ट्रायल की सफलता ने पूर्व मध्य रेल की तकनीकी क्षमता को उजागर किया और भविष्य में तेज़ और सुरक्षित रेल यात्रा के मार्ग को भी प्रशस्त किया। इस प्रयास के साथ ही पूर्व मध्य रेल क्षेत्र की ग्रैंड कॉर्ड रेललाइन पर फेंसिंग और कवच स्थापना का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। 412 किलोमीटर लंबे रेलखंड को सुरक्षित बनाने के लिए फेंसिंग का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।
इस अवसर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय जं. से गया तक मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना तथा गया से धनबाद तक मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र समेत मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस ट्रायल से न केवल रेलवे की दक्षता बढ़ेगी बल्कि यात्रियों को तेज़ और सुरक्षित यात्रा की सुविधा भी सुनिश्चित होगी।





